Bareilly News: अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर किया हमला, प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन

Bareilly News: आंवला में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

Report :  Sunny Goswami
Update: 2024-05-02 14:06 GMT

बरेली में अखिलेश यादव। (Pic: Newstrack)

Bareilly News: लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं। पार्टी के उम्मीदवारों के लिए जनसंपर्क करके उनके पक्ष में वोटों को बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव बरेली पहुंचे। आंवला लोकसभा प्रत्याशी के समर्थन मे रैली को संबोधित करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। रैली में अखिलेश यादव को सुनने बड़ी संख्या मे लोग पहुंचे थे। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता से नीरज मौर्य के पक्ष मे मतदान करने की अपील की है।  

दोनों चरणों में हुआ भाजपा का सफाया

देवचरा के ग्राउंड मे गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रैली मे जनता को संबोधित कर बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने के लिए लड़ा जा रहा है। बीजेपी की सरकार से संविधान को खतरा है। भारतीय जनता पार्टी का अबतक हो चुके दो चरणों के मतदान में सफाया हो गया है। यही हाल आने वाले तीसरे चरण में बीजेपी का होगा। बीजेपी सरकार में निजीकरण को बढ़ावा दिया गया है।

सपा सरकार आई तो बंद होगी अग्निवीर योजना

आउटसोर्सिंग के द्वारा नौकरी नौकरी लगायी जा रही हैं। सेना मे भी बीजेपी ने अग्निवीर भर्ती की शुरुआत की है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो अग्निवीर को समाप्त किया जायेगा। प्रदेश मे समाजवादी पार्टी इस बार सबसे ज्यादा सीट जीतेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को मिलने वाली खाद मे पांच किलो खाद को कम किया गया है। किसान पूरी खाद चाहता है। दिल्ली मे बीजेपी सरकार को दस साल हो गए हैं और उत्तर प्रदेश की सरकार को सात साल पूरे हो चुके हैं इनके द्वारा किए गए वादे झूठे निकले। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सुनने के लिए बड़ी संख्या मे जनता ग्राउंड मे पहुँची। इस दौरान मंच पर आंवला प्रत्याशी नीरज मौर्य समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, विधायक अताउर रहमान, प्रमोद यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News