Bareilly: विपक्ष पर बरसे गृहमंत्री शाह, बोले- 4 जून के बाद कांग्रेस ढूंढ़ो यात्रा होगी

Amit Shah in Bareilly: चुनावी जनसभा को संबोधित करने आज गृहमंत्री अमित शाह यूपी के बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-02 10:44 GMT

Amit Shah in Bareilly: लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान के लिए महज 4-5 दिनों का समय बचा है। राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने हिस्से की प्लानिंग में जुटी है। पार्टियों के स्टार प्रचारक अलग-अलग राज्यों में जाकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज यानी 2 मई को गृहमंत्री अमित शाह यूपी के बरेली पहुंचे। यहां उन्होंने हार्टमैन रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भारत माता की जय के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। अपने संबोधन में गृहमंत्री शाह ने सपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर जमकर जुबानी हमला किया।

4 जून से कांग्रेस ढूंढ़ो यात्रा होगी: गृहमंत्री शाह

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे सामने विपक्षी गठबंधन इंडिया चुनाव लड़ रहा है। इनके शहजादे राहुल गांधी ने चुनाव की शुरुआत भारत जोड़ो यात्रा से की थी। लेकि 4 जून के बाद कांग्रेस ढूंढ़ो यात्रा से चुनाव का समापन होने वाला है। दो चरण के चुनाव समाप्त हो गए हैं और अभी दूरबीन से भी देखने पर कांग्रेस नजर नहीं आ रही है। गृहमंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि यह चुनाव देश के अर्थतंत्र को दुनिया के तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बनाने का चुनाव है। तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का चुनाव है। आतंकवाद और नक्सलवाद जड़ से खत्म करने का चुनाव है।

70 साल से राममंदिर का मुद्दा अटका रखी थी कांग्रेस: अमित शाह

गृहमंत्री शाह ने जनता से पूछा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए था या नहीं? फिर उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी 70 साल से राम मंदिर के मुद्दे को अटका रही थी। नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में इस साल 22 जनवरी को भव्य राममंदिर का उद्घाटन हुआ। अमित शाह ने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन का निमंत्रण सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिंपल यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भेजा गया था, लेकिन ये लोग नहीं गये। क्योंकि इन्हें इस बात का डर था कि वहां जाएंगे तो वोटबैंक खिसक जाएगा। ये लोग हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं।

पहले देश में बम धमाके हुआ करते थे: गृहमंत्री शाह

कश्मीर से धारा 370 हटाने के लेकर गृहमंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस वाले धारा 370 को 70 साल से संभालकर रखे थे। बीजेपी की मोदी सरकार ने पांच अगस्त को कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर दिया। पीएम मोदी ने देश से आतंकवाद खत्म करने का काम किया है। कांग्रेस की सरकार पहले सपा और बसपा के समर्थन से चलती थी। 10 साल तक सोनिया मनमोहन की सरकार में आए दिन घुसपैठिये देश में घुस जाते थे और धमाके करते थे। उन्हें कोई बोलने वाला नहीं था। 2014 के बाद पाकिस्तान ने उरी और पुलवामा में घुस कर गलती कर दी। बीजेपी सरकार में 10 ही दिनों के भीतर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया करने का काम किया।

Tags:    

Similar News