×

UP Lok Sabha Election: मम्मी डिंपल के बाद अब पिता अखिलेश का संभाला मोर्चा, मैनपुरी से कन्नौज पहुंची बेटी अदिति

Kannauj News: अखिलेश यादव की बेटी अदिति ने मैनपुरी के बाद कन्नौज में समाजवादी पार्टी के लिए वोट मांगा।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 May 2024 12:14 PM GMT (Updated on: 8 May 2024 3:50 PM GMT)
Kannauj News
X
चौपाल करती अदिति यादव। (Pic: Newstrack)

Lucknow: इस बार के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तीसरी पीढ़ी यानी समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मैनपुरी के सियासी रण में उन्होंने अपनी मां डिंपल यादव के चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाई थी और तीसरे चरण में मैनपुरी में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उन्होंने बुधवार से कन्नौज में अपने पिता अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है।

लोकसभा चुनाव में तीन चरण का मतदान पूरा हो चुका है और अब चौथे चरण में 13 मई को होने वाले मतदान पर सबकी निगाहें लगी हुई है। कन्नौज लोकसभा सीट पर चौथे चरण में मतदान होना है और यहां पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। अपने पिता अखिलेश यादव की जीत सुनिश्चित करने के लिए अदिति यादव अब कन्नौज पहुंच गई हैं और वे लोगों से साइकिल का बटन दबाने की अपील कर रही हैं।

मैनपुरी के बाद कन्नौज में संभाला मोर्चा

कन्नौज में बुधवार को अदिति यादव ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए अपने पिता अखिलेश यादव के लिए वोट मांगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार के समय हुए विकास कार्यों का हवाला देते हुए अपने पिता को भारी मतों से जिताने की अपील की। नसरापुर की चुनावी सभा में अदिति यादव को देखने-सुनने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे।

अदिति यादव की चुनावी सभा में महिलाओं की संख्या ज्यादा दिखी। अदिति यादव ने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि आप लोगों ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को चुनाव में जीत दिलाई। इसके अलावा मेरे पिता अखिलेश यादव और मेरी मां डिंपल यादव को भी चुनाव में समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं 2014 के लोकसभा चुनाव में भी कन्नौज आई थी और अब 10 साल बाद आप लोगों के बीच एक बार फिर वोट मांगने आई हूं।


सपा के विकास कार्यों की दिलाई याद

उन्होंने कन्नौज के लोगों को सपा के शासनकाल में हुए विकास कार्यों के भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि 2003 की सपा सरकार में यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित हुआ और 2012 में सपा सरकार बनने पर बहुत सारे विकास कार्य हुए। उन्होंने कहा कि आगे भी समाजवादी पार्टी कन्नौज के विकास में जुटी रहेगी मगर इसके लिए आपको 13 मई को मतदान के दौरान मेरे पिता अखिलेश यादव को समर्थन देना होगा।

इससे पहले अदिति यादव ने मैनपुरी में अपनी मां डिंपल यादव के लिए चुनाव प्रचार में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। डिंपल यादव की सीट पर तीसरे चरण में मतदान हो चुका है। मैनपुरी में इस बार डिंपल यादव और यूपी सरकार के मंत्री जयवीर सिंह के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। मुलायम सिंह के निधन के बाद मैनपुरी में हुए उपचुनाव में डिंपल यादव ने जीत हासिल की थी।

कन्नौज सीट पर हो रहा कड़ा मुकाबला

कन्नौज के लोकसभा चुनाव में इस बार समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव 2019 में अपनी पत्नी डिंपल यादव की हार का हिसाब बराबर करने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। भाजपा ने इस बार फिर 2019 में जीत हासिल करने वाले सुब्रत पाठक को चुनाव मैदान में उतारा है।

सुब्रत पाठक पिछले कई दिनों से कन्नौज में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज उनके समर्थन में बड़ी जनसभा भी की है। अब सबकी निगाहें 13 मई को चौथे चरण में कन्नौज में होने वाले मतदान पर लगी हुई हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि सपा मुखिया अखिलेश यादव अपनी पत्नी की हार का बदला ले पाते हैं या नहीं।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story