×

Gonda News: केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में करण भूषण ने किया नामांकन, सपा प्रत्याशी ने भी भरा पर्चा

Kaiserganj Lok Sabha Seat: कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी करण भूषण सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद रहे।

Radheshyam Mishra
Published on: 3 May 2024 11:02 AM GMT
Gonda News
X

करण भूषण ने दाखिल किया नामांकन पत्र। (Pic: Newstrack)

Gonda News: पांचवें चरण के नामांकन के अंतिम दिन जिले की कैसरगंज लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाए गए करण भूषण सिंह तो सपा से बनाये गए प्रत्याशी एडवोकेट भगतराम मिश्र ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों दावेदारों ने रिटर्निंग आफिसर सीडीओ ए अरुन्मौली के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।इसके पूर्व करण भूषण सिंह का उनके नामांकन में जाने से पहले उनकी मां गोंडा से पूर्व सांसद केतकी सिंह द्वारा उनकी विधि विधान से आरती उतारी और उनको दही खिला कर शुभ शगुन देकर नामांकन के लिए रवाना किया है। बता दें कि कैसरगंज से भाजपा के मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का पार्टी ने टिकट काट कर उनके पुत्र करन भूषण शरण सिंह को मैदान में उतारा है। नामांकन के पूर्व रघुकुल विद्यापीठ परिसर में नामांकन सभा हुई।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहे मौजूद

इसके पूर्व रघुकुल विद्यापीठ परिसर में नामांकन सभा हुई। जिसमें सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहूंचे। आयोजित सभा में बोलते हुए कहा कि देश में मोदी के नाम की सुनामी चल रही है, अबकी बार 400 पर जरूर होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा ,बसपा कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा। पूरे देश में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आ रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दुष्प्रचार कर रहे हैं कि यदि भाजपा सत्ता में आएगी तो संविधान खतरे में हो जाएगा। कांग्रेस ने हमेशा मुस्लिम तुष्टिकरण का कार्य किया है। मोदी सरकार ने 370 हटाकर वह कार्य किया है जो विपक्षी असंभव बता रहे थे। उन्होंने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर की समस्या कांग्रेस की देन है। 370 भी कांग्रेस की देन थी। जिसकी वजह से हजारों सैनिक बलिदान हुए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला का भव्य मंदिर बनाकर मोदी जी ने सनातन को स्थापित किया है।

कांग्रेस करती है गरीबों का विरोध

उन्होंने कहा कि सरकार समान नागरिक संहिता जरूर लागू करेगी। अगली बार जब सत्ता में आएगी तो कई आमूल चूल परिवर्तन देश में होगा। विश्व स्तर पर भारत की इकोनॉमी में सुधार हो रहा है। पूरे विश्व में मोदी का डंका बज रहा है। भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए मोदी सरकार आज की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों की विरोधी रही है। दलित व पिछड़ों का हमेशा शोषण किया गया है। जबकि भाजपा ने हमेशा सबका साथ, सबका विश्वास व विकास में भरोसा जताया है। लोकसभा चुनाव में सपा बसपा कांग्रेस का पूरी तरीके से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिन में विपक्षी पार्टियों का वजूद खत्म हो जाने वाला है। उपमुख्यमंत्री ने कैसरगंज भाजपा उम्मीदवार करण भूषण को जिताने की अपील लोगों से की।

नामांकन में ये रहे मौजूद

इसके पूर्व सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ करनभूषण सिंह रघुकुल विद्यापीठ प्रांगण में पहुंचे और अपने पिता बृजभूषण शरण सिंह व डिप्टी सीएम का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, कर्नलगंज विधायक अजय सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे, मनकापुर विधायक व पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ,ददन मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story