×

Bulandshahr News: बुलंदशहर लोक सभा सीट पर 56.41 प्रतिशत मतदान, प्रत्याशियों का भाग्य EVM में कैद

Bulandshahr News: बुलंदशहर में कुल 56.41 प्रतिशत निष्पक्ष और सकुशल मतदान संपन्न हुआ। जबकि बुलंदशहर जनपद की सिकंदराबाद और खुर्जा विधानसभा क्षेत्र जो गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में लगता है पर 60.34 प्रतिशत मतदान हुआ है।

Sandeep Tayal
Published on: 26 April 2024 2:54 PM GMT
Bulandshahr News
X

माननीयों ने किया मताधिकार का प्रयोग (Pic:Newstrack) 

Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर लोक सभा सीट के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। बीजेपी ने यहां से भोला सिंह को फिर से मैदान में उतारा है। सपा- कांग्रेस गठबंधन से शिवराम वाल्मीकि और बसपा ने नगीना के सांसद रहे गिरीश चंद्र सहित 6 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। बुलंदशहर में कुल 56.41 प्रतिशत निष्पक्ष और सकुशल मतदान संपन्न हुआ। जबकि बुलंदशहर जनपद की सिकंदराबाद और खुर्जा विधानसभा क्षेत्र जो गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में लगता है पर 60.34 प्रतिशत मतदान हुआ है।

आम और खास ने मतदान के बाद ली सेल्फी

बुलंदशहर जनपद में सुबह सात बजते ही मतदाता बूथों की ओर रुख करने लगे। चप्पे-चप्पे पर कड़ी चौकसी और संगीनों के साएं में मतदान निष्पक्ष और शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं के लिए 34 मॉर्डन/ आदर्श बूथ भी बनाए गए। हर विधानसभा क्षेत्र में एक एक पिंक और दिव्यांग बूथ भी बनाया गया। खुर्जा में आदर्श मतदान केंद्र पर नपीरी बजाकर मतदाताओ का स्वागत किया गया।

जिले में वोटर्स की संख्या 2644250 है, जिसमे से बुलंदशहर लोक सभा क्षेत्र में 1855176 मतदाता है जब कि खुर्जा और सिकंदराबाद विधान सभा जो गौतमबुद्धनगर लोक सभा क्षेत्र का हिस्सा है में 789074 मतदाता है। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं को मतदान स्थल तक पहुंचाने के लिए व्हीलचेयर का प्रबंध किया गया था, फर्जी मतदान को रोकने के लिए पर्दा नशी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा पर्दा नशी महिलाओं का चेहरा उनकी आईडी से मिलान किया गया। मतदान केदो पर मतदाताओं के लिए पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी। आदर्श मतदान केंद्रों पर मतदाता बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेता नजर आए। कई मतदाताओं ने तो डीएम और एसपी और माननीय के साथ मतदान करने के बाद मतदान केंद्र के बाहर आकर सेल्फी खींच सोशल मीडिया पर पोस्ट की।

बुलंदशहर में ऐसे रहा मतदान प्रतिशत

बुलंदशहर में सुबह 7:00 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिली। जिला निर्वाचा कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 9:00 बजे तक बुलंदशहर लोकसभा सीट पर 10.68 प्रतिशत,11बजे तक 22.36 प्रतिशत,1बजे तक 33.55 प्रतिशत, 3 बजे तक 43.85 प्रतिशत, 5 बजे तक 53.21 और शाम 6 बजे तक 56.41 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर को 1:00 बजे से 3:00 बजे तक मतदान केंद्रों पर भीषण गर्मी होने के कारण मतदाताओं की उपस्थिति कुछ कम रही। लेकिन सूरज की गर्मी जैसे ही कम हुई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने की संख्या बढ़ने लगी।

गौतमबुद्ध नगर लोस की 2 विस में हुआ 60.34 प्रतिशत मतदान

बुलंदशहर जनपद की खुर्जा और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र जो गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में आते हैं पर, सुबह 9:00 बजे तक 10. 97%, 11:00 बजे तक 25.91 प्रतिशत, 1:00 बजे तक 38.58 प्रतिशत, 3:00 बजे तक 47.8 0%, 5:00 बजे तक 57.8%0 और 6:00 बजे तक कुल 60.34 प्रतिशत मतदान हुआ।

2 सांसदो सहित 6 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में कैद

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी भाजपा ने लगातार तीसरी बार बुलंदशहर सुरक्षित सीट से भोला सिंह पर भरोसा करते हुए उम्मीदवार बनाया है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी रहे भोला सिंह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। सांसद भोला सिंह वर्ष 2014 से पहले रालोद में थे लेकिन फिर भाजपा में आ गए। 2014 में बुलंदशहर सुरक्षित सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में भोला सिंह ने बसपा प्रत्याशी प्रदीप को हराया था। 2019 में बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा को हराया। गिरीश चंद्र को बसपा प्रमुख मायावती का करीबी माना जाता है।

लोकसभा चुनाव 2019 में नगीना सीट से भाजपा के डॉ यशवंत को काफी वोटो से हराया था। यह बसपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। बसपा के नगीना सांसद गिरीश चंद को बसपा ने बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र का प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा जबकि हिंदी गठबंधन ने कांग्रेस प्रत्याशी शिवराम वाल्मीकि को बुलंदशहर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा। बुलंदशहर में त्रिकोणात्मक संघर्ष बताया जा रहा है। हालांकि बुलंदशहर लोकसभा सीट पर दो सांसद सहित 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी-अपनी किस्मत को आजमा रहे है।

डीएम एसएसपी करते रहे निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने मतदान बूथों का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह बराबर मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते रहे, जिससे मत प्रतिशत बढ़ सके। पोलिंग पार्टियों से बूथ पर तैयारी व अन्य व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी ने धरपा, अगौरा व करौरा के बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। मतदान कार्मिकों से जानकारी लेकर सभी तैयारी पूर्ण कर सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू कराकर सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान कार्मिकों से खाने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। जबकि एडीएम और एसपी भी टीमों के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

डीएम की मेहनत रंग लाई, बढ़ा मत प्रतिशत

जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के महायज्ञ में अपने मत की आहुति देनी है। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं समेत सभी मतदाता निर्भीकता से मत का प्रयोग करें। संविधान ने देश के नागरिकों को यह विशेष अधिकार दिया है। इसलिए बढ़.चढ़कर वोट करें। दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। सभी इस महापर्व को उल्लास के साथ मनाएं। निष्पक्ष और निडर होकर मतदान केंद्र जाएं और वोट डालें। पुलिस ने सुरक्षित मतदान की व्यवस्था की है। जिला निर्वाचन अधिकारी के मतदाता जन जागरूकता अभियान के प्रयासों से पहले चरण की अपेक्षाकृत दूसरे चरण में मतदान का प्रतिशत बढ़ सका।

संगीनों के साएं में हुआ निष्पक्ष और शांति पूर्ण मतदान

एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि मतदाता मत का प्रयोग कर कर्तव्य का निर्वहन करें। इस महापर्व में निडर होकर अपने इस अधिकार का इस्तेमाल करें। चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस बल तत्पर है। शरारती तत्वों पर नजर है। मतदाता किसी दबाव में न आएं। वोट डालने के बाद सीधे अपने घर जाएं, जिले भर में पुलिस टीम गश्त पर रहेगी। किसी भी तरह के प्रलोभन या अवांछित गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने बताया कि बुलंदशहर जनपद में कुल 33 जून और 191 सेक्टर विभाजित कर जोनाल्डो सेक्टर मजिस्ट्रेट किए गए 45 कंपनी अध्यक्ष सैनिक वालों की तैनात की गई और 16000 अन्य पुलिस कर्मियों की भी तैनाती सुनिश्चित की गई। जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोकसभा चुनाव संपन्न कराया गया।

माननीयों ने किया मताधिकार का प्रयोग

यूपी के बुलंदशहर जनपद के गुलावटी में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अंतुल तेवतिया ने अपने परिवार के साथ डीएन इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और वोट डाला। इसी प्रकार सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मी राज सिंह, भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर भोला सिंह, खुर्जा की विधायक मीनाक्षी सिंह, डिबाई के विधायक चंद्रपाल सिंह ने सपरिवार, खुर्जा के विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा ने से परिवार, स्याना के विधायक देवेंद्र सिंह लोधी अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी शिवराम वाल्मीकि ने भी अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान किया।

अपेक्षित विकास न होने से नाराज ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार

बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के गांव सुलैला में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलवीर सिंह ने कहा कि सुलैला.जलालपुर मार्ग पिछले 15 साल से जर्जर है। जनप्रतिनिधियों ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इसलिए ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार करने का फैसला लिया है। ग्रामीणों ने मतदान केंद्र पर चुनाव बहिष्कार का बैनर भी लगा दिया जहां तैनात पुलिस कर्मियों ने बैनर को हटवाया। सुबह 9:00 बजे तक महज तीन वोट ही डाल सके। अपेक्षित विकास न करने से नाराज मदनगढ़ और छोटा बस गांव के लोगों ने भी मतदान का बहिष्कार किया।

मदनगढ़ में सुबह 9:00 बजे तक मात्र एक ही वोट पड़ सका था जबकि छोटा गांव में 10:00 बजे तक एक वोट पड़ने की खबर मिली। मतदान बहिष्कार की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक हल्का में हड़कंप मच गया। आनन- फानन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। ग्रामीणों को समझाया और उनसे उनके मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई। ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के तहत भविष्य में विकास करने का आश्वासन भी दिया गया। जिसके बाद मतदाताओं ने मतदान शुरू किया। प्रशासन तीनों गांव में मतदाताओं को समझने में सफल रहा और मतदान शुरू कर दिया।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story