×

Loksabha Elections: राजनाथ सिंह के नामांकन में दिखा सर्वधर्म समभाव का नजारा, इन स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत

Rajnath Singh Nomination: रक्षा मंत्री के नामांकन जुलूस में लगभग सभी धर्मों के लोग शामिल हुए। आज रोड शो में सर्वधर्म समभाव का नजारा देखने को मिला। नामांकन जुलूस करीब 11:15 बजे हजरतगंज से परिवर्तन चौक की ओर बढ़ा। रास्ते में हजरतगंज व्यापार मंडल, भारतीय भोजपुरी समाज व वैश्य समाज के लोगों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

Abhishek Mishra
Written By Abhishek Mishra
Published on: 29 April 2024 10:30 AM GMT
Lucknow News
X

राजनाथ सिंह के नामांकन में दिखा सर्वधर्म समभाव का नजारा (Photo Source: Ashutosh Tripathi)

Lucknow News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ से नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके साथ सीएम योगी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। नामांकन से पूर्व जुलूस निकाल कर रक्षा मंत्री ने शक्ति प्रदर्शन किया। जिसमें दो प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी शामिल रहे।

रोड़ शो में शामिल हुए हजारों लोग

राजनाथ सिंह ने नामांकन जुलूस में शामिल होने से पहले हनुमान सेतु मंदिर पर दर्शन किए। वह सुबह 10:40 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इसके बाद लखनऊ विकास रथ पर सवार होकर 11 बजे कलेक्ट्रेट के लिए निकले। जुलूस करीब 11:10 बजे हजरतगंज चौराहे पहुंचा। जहां भाजपा महानगर के मंच से लोगों ने राजनाथ सिंह पर फूलों की बारिश की। रोड़ शो के दौरान कई संगठनों ने पुष्प वर्षा कर रक्षा मंत्री का स्वागत किया। इस नामांकन जुलूस में करीब तीस हजार लोग शामिल हुए।


जुलूस में दिखा सर्वधर्म समभाव का नजारा

रक्षा मंत्री के नामांकन जुलूस में लगभग सभी धर्मों के लोग शामिल हुए। आज रोड शो में सर्वधर्म समभाव का नजारा देखने को मिला। नामांकन जुलूस करीब 11:15 बजे हजरतगंज से परिवर्तन चौक की ओर बढ़ा। रास्ते में हजरतगंज व्यापार मंडल, भारतीय भोजपुरी समाज व वैश्य समाज के लोगों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जुलूस मार्ग पर भोजपुरी समाज के लोगों ने भोजपुरी वेशभूषा पहनकर गीत-संगीत सुनाए। रक्षा मंत्री व सीएम योगी आदित्यनाथ ने विक्ट्री साइन दिखाकर भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों का अभिवादन किया।


जगह-जगह हुआ जुलूस का स्वागत

जब नामांकन जुलूस 11:20 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से गुजरा तब यहां रेल परिवार के लोगों ने पुष्प वर्षा कर रक्षा मंत्री का स्वागत किया। आगे बढ़ते हुए हजरतगंज मेट्रो स्टेशन के पास भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ और राठौर समाज ने रक्षा मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद 11:30 बजे जुलूस का स्वागत मार्क्समैन के निकट बुद्धेश्वर महासभा व हलवासिया मार्केट संगठन ने किया। रक्षा मंत्री का विकास रथ दोपहर बारह बजे कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस दौरान राजनाथ सिंह ने जुलूस में शामिल लोगों पर फूल बरसाए। 12:10 बजे कलेक्ट्रेट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।


बुद्धेश्वर महासभा ने किया भंडारे का आयोजन

बुद्धेश्वर विकास महासभा की ओर से नामांकन में आए लोगों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। मार्क्समेन के निकट बुद्धेश्वर विकास महासभा का पंडाल तैयार किया गया था। जिसमें लोगों के लिए पूरी और सब्जी की व्यवस्था की गई। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जीत की कामना के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है। प्रदेश के साथ पूरे देश में चार जून को भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story