×

Loksabha Election 2024: यूपी में तीसरे चरण में 10 सीटों पर हुए 55.13% मतदान, जानें कहां कितनी हुई वोटिंग

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में यूपी के 10 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इन 10 सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे कुल 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.77 करोड़ मतदाताओं को करना था। यहां जानें किस सीट पर कितना प्रतिशत मतदान हुआ।

Sandip Kumar Mishra
Published on: 7 May 2024 2:04 PM GMT (Updated on: 7 May 2024 2:14 PM GMT)
Loksabha Election 2024: यूपी में तीसरे चरण में 10 सीटों पर हुए 55.13% मतदान, जानें कहां कितनी हुई वोटिंग
X

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में यूपी के 10 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इन 10 लोकसभा सीटों में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल है। तीसरे चरण में मुलायम परिवार से तीन सदस्य चुनावी मैदान में हैं। मैनपुरी से डिंपल यादव, फिरोजाबाद से अक्षय यादव और बदायूं से आदित्य यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है। जबकि मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल आगरा से और योगी सरकार के दो कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह मैनपुरी से और अनूप प्रधान वाल्मीकि हाथरस से ताल ठोंक रहे हैं। इन 10 सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे कुल 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.77 करोड़ मतदाताओं को करना था। लेकिन सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 55.13 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां जानें किस सीट पर कितना प्रतिशत मतदान हुआ।

संभल लोकसभा सीट पर हुआ 61.10 प्रतिशत मतदान

संभल लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 61.10 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि 2019 में 64.73 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यहां कुल 18,92,360 मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने थे। लोकसभा चुनाव में मतदान संपन्न कराए जाने के लिए संभल जिले में 1648 पोलिंग पार्टियां बनाई गई थी। इसके अलावा दस प्रतिशत के हिसाब से 165 पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रखी गई थी। मतदान कराने के लिए 6592 कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई थी। इसमें 1648 पीठासीन अधिकारी, 1648 मतदान कार्मिक प्रथम तथा 1648 मतदान कार्मिक द्वितीय और 1648 ही मतदान कार्मिक तृतीय शामिल थे। संभल लोकसभा क्षेत्र में 1950 में बूथ बनाए गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने संभल को 14 जोन और 142 सेक्टर में बांटा था। इसमें विधानसभा चन्दौसी को तीन जोन और 37 सेक्टर, असमोली को तीन जोन व 27 सेक्टर, विधानसभा संभल को तीन जोन व 27 सेक्टर, आंशिक बिलारी को एक जोन व 6 सेक्टर में बांटा गया। इसके अलावा बदायूं सीट की जिले में लगने वाली विधानसभा गुन्नौर को चार जोन व 45 सेक्टर में विभाजित किया गया था। बता दें कि संभल लोकसभा क्षेत्र में संभल, असमोली, चंदौसी, बिलारी एवं कुंदरकी विधानसभा आती हैं, जबकि गुन्नौर विधानसभा बदायूं लोकसभा के अंतर्गत आती है।

हाथरस लोकसभा सीट पर हुआ 53.54 प्रतिशत मतदान

हाथरस लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक 53.54 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 61.76 प्रतिशत मतदान हुआ था। हाथरस लोकसभा सीट पर कुल 10 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला 19,30,297 मतदाताओं को करना था। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और प्रदेश की राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान, बसपा के हेमबाबू धनगर और सपा के जसवीर वाल्मीकि के बीच में है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में चुनाव के लिए 1429 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें हाथरस जिले के 837 और अलीगढ़ जिले के 592 मतदान केंद्र शामिल थे। पूरे लोकसभा क्षेत्र में 2190 बूथ बनाए गए थे।

आगरा लोकसभा सीट पर हुआ 51.53 प्रतिशत मतदान

आगरा लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कुल 51.53 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 59.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां भाजपा के एसपी सिंह बघेल और सपा के सुरेश चंद के बीच मुकाबला है। आगरा लोकसभा में 550 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इसमें 1760 बूथ थे। सभी बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आगरा लोकसभा सीट पर 128 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर हुआ 54.93
प्रतिशत मतदान

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 54.93 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 59.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां कुल 17.94 लाख मतदाताओं को 9 उम्मीदवारों के भाग्य के फैसले करने थे। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में 1181 मतदान केंद्रों में 1935 बूथ बनाए गए थे। संवेदनशील मतदान केंद्र 502 और मतदेय स्थल 786 है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर 40 जोनल मजिस्ट्रेट और 236 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात थे।

फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर हुआ 56.27 प्रतिशत मतदान

फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 56.27 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 60.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। भाजपा प्रत्याशी विश्वदीप सिंह ने परिवार सहित अपना वोट डाल दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले वासियों से अपील है कि सभी लोग मतदान जरूर करें। यहां कुल 18.90 लाख मतदाताओं को अपने मतदान का प्रयोग करना था। बता दें कि यहां से सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने ठाकुर विश्वदीप सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जिले को 28 जोन और 188 सेक्टर में बांटा गया था। यहां कुल 1285 मतदान केन्द्रों पर 2053 मतदेय स्थलों बनाए गए थे। सभी मतदान स्थलों पर केन्द्रीय पुलिस बल, पीएसी, नागरिक पुलिस बल एवं होमगार्ड तैनात थे। आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन कराने एवं प्रत्येक मतदेय स्थल पर निष्पक्ष वोटिंग एवं चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रत्येक विधानसभा में 3-3 फ्लाइंग स्क्वायड, स्टेटिक सर्विलांस टीम कुल 15-15 टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर चेकिंग कर रहे थे।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुआ 55.88 प्रतिशत मतदान

मैनपुरी लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 55.88 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2022 में हुए उपचुनाव में 55.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां कुल 17,02,258 मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। यहां सपा से अखिलेश यादव की पत्नी और मौजूदा सांसद डिंपल यादव मैदान में हैं। जबकि भाजपा ने सूबे के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने शिव प्रसाद यादव को उतारकर सपा की राह मुश्किल कर दी है। इससे यादव वोट बंटने की संभावना है। यहां डिंपल यादव मजबूत कैंडीडेट मानी जा रही हैं। यह सपा की सुरक्षित सीट है। जिले को 28 जोन और 163 सेक्टर में बांटा गया था। इसके अलावा दो सुपर जोन भी बनाए गए थे। मैनपुरी की पांच विधानसभा क्षेत्रों में 1646 मतदेय स्थलों पर मतदान हुआ। जबकि मैनपुरी विधानसभा को 6 जोन 40 सेक्टर में बांटा गया था। भोगांव विधानसभा को 7 जोन 39 सेक्टर में, किशनी विधानसभा को 6 जोन 40 सेक्टर में, करहल विधानसभा को 9 जोन 44 सेक्टर में बांटा गया था। प्रशासन ने प्रत्येक जोन में एक जोनल मजिस्ट्रेट और प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया थे। वहीं संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती थी।

एटा लोकसभा सीट पर हुआ 57.07 प्रतिशत मतदान

एटा लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 57.07 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 61.70 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 16,72,149 मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने थे। भाजपा ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह पर फिर से विश्वास जताया है। राजवीर सिंह बीजेपी के टिकट पर तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन में ये सीट समाजवादी पार्टी के खाते में आई है। यहां से सपा ने देवेश शाक्य को चुनावी रण में उतारा है। बसपा ने मुहम्मद इरफान को उतारा है। यहां बीजेपी की सपा से सीधी टक्कर है।

बदायूं लोकसभा सीट पर हुआ 52.77 प्रतिशत मतदान

बदायूं लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 52.77 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 57.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां कुल 24,14,048 मतदाताओं को 11 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने थे। बदायूं लोकसभा सीट पर सपा से पार्टी के प्रमुख महासचिव शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनावी मैदान में हैं। भाजपा से दुर्विजय शाक्य और बसपा से मुस्लिम खां मैदान में हैं। यहां आदित्य यादव मजबूत कंडीडेट माने जा रहे हैं। उन्हें भाजपा के दुर्विजय शाक्य से सीधी टक्कर मिल रही है। यहां कुल 1720 मतदान केन्द्र और 2577 मतदेय स्थल बनाए गए थे। जिले में 241 क्रिटिकल मतदान केंद्रों में से 408 क्रिटिकल मतदेय स्थल थे। 16 वल्नेरेबुल मतदान केंद्र और 20 वल्नेरेबुल मतदाता स्थल थे। जिले को सुरक्षा के लिहाज से 24 जोन और 225 सेक्टर में बांटा गया थे। 54 उड़नदस्ता दल, 18 वीडियो सर्विलांस टीम, 6 वीडियो अवलोकन टीम एवं 6 लेखा टीम बनाई गई थी।

आंवला लोकसभा सीट पर हुआ 54.73 प्रतिशत मतदान

आंवला लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 54.73 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 58.97 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 18,91,713 मतदाताओं को कुल 13 उम्मीदवारों के भाग्य के फैसला करना था। भाजपा ने 2 बार के सांसद धर्मेंद्र कश्यप को उम्मीदवार बनाया है। जबकि बसपा ने यहां आंवला नगर पालिका के चेयरमैन सैय्यद आबिद अली को उम्मीदवार बनाया है। वही सपा ने शाहजहांपुर के पूर्व विधायक नीरज मौर्य को चुनावी रण में उतारा है।

बरेली लोकसभा सीट पर हुआ 54.21
प्रतिशत मतदान

बरेली लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 54.21 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2019 में 59.43 प्रतिशत मतदान हुआ था। बरेली में 19,24,434 मतदाताओं को कुल 9 उम्मीदवार के भाग्य का फैसला करना था। बरेली लोकसभा में 1644 मतदान केंद्रों में 3089 बूथ बनाए गए हैं। भाजपा ने पूर्व विधायक छत्रपाल गंगवार को उम्मीदवार बनाया है। जबकि सपा ने पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन को चुनावी रण में उतारा है। बसपा उम्मीदवार छोटे लाल गंगवार को पर्चा खारिज होने के कारण यहां लड़ाई सपा और भाजपा के बीच है।

Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story