×

Loksabha Elections: कौल हाउस बनेगा प्रियंका गांधी का चुनावी अड्डा, अमेठी-रायबरेली की रणनीति होगी तैयार

Lucknow News: कौल हाउस में शुक्रवार से साफ सफाई शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव अगले सप्ताह से अमेठी-रायबरेली के लिए चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। इस दौरान वह कौल हाउस में रुकेंगी। उनके साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता कौल हाउस में डेरा डाल सकते हैं।

Abhishek Mishra
Published on: 4 May 2024 11:30 AM GMT (Updated on: 4 May 2024 1:20 PM GMT)
Loksabha Elections: कौल हाउस बनेगा प्रियंका गांधी का चुनावी अड्डा, अमेठी-रायबरेली की रणनीति होगी तैयार
X

Loksabha Elections: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ स्थित कौल हाउस को अपना चुनावी अड्डा बनाने का फैसला कर लिया है। यहां अमेठी और रायबरेली लोकसभा क्षेत्र के लिए पार्टी की रणनीति तैयार होगी। चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता राजधानी में डेरा डालने की तैयारी में हैं।

कौल हाउस बनेगा चुनावी अड्डा

राजधानी के हजरतगंज क्षेत्र में स्थित कौल हाउस प्रियंका गांधी की अगवानी के लिए तैयार हो रहा है। यहीं से अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट के लिए पार्टी की रणनीति बनाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक कौल हाउस में शुक्रवार से साफ सफाई शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव अगले सप्ताह से अमेठी-रायबरेली के लिए चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। इस दौरान वह कौल हाउस में रुकेंगी। उनके साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता कौल हाउस में डेरा डाल सकते हैं। बता दें कि प्रियंका शुक्रवार को अमेठी से कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के नामांकन में पहुंची। उन्होंने कहा कि छह मई को वह दोबारा अमेठी आएंगी। अमेठी और रायबरेली में प्रचार करेंगी। उन्होंने चुनाव खत्म होने तक अमेठी में रहने की बात कही।

अमेठी-रायबरेली की रणनीति होगी तैयार

प्रियंका गांधी अमेठी के साथ रायबरेली में भी प्रचार करती नजर आएंगी। इसके लिए कौल हाउस में चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी। बता दें कि कौल हाउस पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मामी शीला कौल का घर है। शीला कौल रायबरेली व लखनऊ से सांसद रही हैं।1971,1980 और 1984 में उन्होंने लखनऊ का प्रतिनिधित्व किया। जबकि रायबरेली की जनता ने 1989 व 1991 लोकसभा चुनावों में उन्हें संसद पहुंचाया था। प्रियंका गांधी पहले भी चुनावों में यहां आती रही हैं। अब एक बार फिर से अमेठी और रायबरेली के चुनाव प्रचार का खाका यहां तैयार होगा। अमेठी लोकसभा सीट से सोनिया गांधी के पूर्व सांसद प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा और रायबरेली से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव मैदान में हैं।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story