×

Election 2024: अब पुंछ में आतंकी हमले पर सियासी महाभारत, चन्नी के चुनावी स्टंट के बयान पर पैदा हुआ विवाद, भाजपा भड़की

Lok Sabha Election 2024: चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से यह विवादित बयान दिए जाने पर भाजपा भड़क गई है। चन्नी के इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 May 2024 4:30 AM GMT
Congress Charanjit Singh Channi
X

Congress Charanjit Singh Channi   (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ में वायुसेना के काफिले पर हुए आतंकी हमले को लेकर भी सियासी महाभारत शुरू हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पुंछ में हुए आतंकी हमले को चुनाव से पूर्व राजनीतिक स्टंट बताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आने पर ऐसे स्टंट खेले जाते हैं और भाजपा को जिताने का रास्ता तैयार किया जाता है।

चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से यह विवादित बयान दिए जाने पर भाजपा भड़क गई है। चन्नी के इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने चन्नी के बयान पर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह साफ करना चाहिए कि 1962, 1965 और 1971 के युद्ध क्या चुनाव जीतने के लिए लड़े गए थे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस सवाल का जवाब देना चाहिए। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी चन्नी के बयान को भयावह और भारतीय सेना का अपमान बताया है।

भाजपा की जीत के लिए चुनाव पूर्व स्टंट

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी इस बार जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। रविवार को उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हुए आतंकी हमले को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी जिस पर खासा विवाद पैदा हो गया। पुंछ में हुए इस आतंकी हमले में सेना का एक जवान शहीद हो गया था जबकि चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। चन्नी ने कहा कि पुंछ जिले में शनिवार को हुआ आतंकवादी हमला बीजेपी का चुनाव पूर्व स्टंट है।

पुंछ में हुए हमले के संबंध में पूछे जाने पर चन्नी ने कहा कि ये स्टंटबाज़ी हो रही है, हमले नहीं हो रहे हैं। जब भी चुनाव नजदीक आते हैं तब भाजपा को जिताने के लिए इस तरह के स्टंट किए जाते हैं। इनमें तनिक भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस बात की बखूबी जानकारी है कि लोगों के जीवन और शरीर के साथ किस तरह खिलवाड़ करना है।

ठाकुर ने कांग्रेस राज की जंग पर खड़े किए सवाल

चन्नी के इस बयान के बाद नई सियासी महाभारत शुरू हो गई है। भाजपा की ओर से चन्नी के बयान का तीखा जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को उसके कार्यकाल में लड़े गए युद्धों के संबंध में जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि क्या 1962,1965 और 1971 की जंग कांग्रेस को चुनाव जिताने के लिए लड़ी गई थी?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के इस तरह का बयान देने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हमारी सेना को लेकर हमेशा सवाल खड़े करते हैं।

देश के लोगों से माफी मांगे कांग्रेस

भाजपा नेता ने कहा कि जब भारत की सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की तो कांग्रेस के लोग कहते रहे कि यह स्ट्राइक फर्जी है। वे हमारी सेना की ताकत और काबिलियत पर सवाल उठाते हैं। चन्नी के बयान से पहले महाराष्ट्र में 26/11 को हुए आतंकी हमले को लेकर भी विवादित बयान दिया गया था।

कांग्रेस को अपनी पार्टी के नेता के उस बयान के लिए भी देश से माफी मांगनी चाहिए। ठाकुर ने कांग्रेस में राधिका खेड़ा के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला।

देश की सेवा करने वाले जवानों का अपमान

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी पुंछ के आतंकी हमले को चुनावी स्टंट बताने के चन्नी के बयान की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि चुनाव जीतने के लिए यह हमला कराया गया और एक जवान को शहीद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह भयावह मानसिकता है और देश की सेवा करने वाले हमारे जवानों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पाकिस्तान एक-दूसरे की तारीफ और समर्थन करने में जुटे हुए हैं और कांग्रेस की ओर से हमारे जवानों के बलिदान का मजाक उड़ाया जा रहा है।

तीसरे चरण से पहले सियासी माहौल गरमाया

हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक चन्नी के बयान को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। तीसरे चरण के मतदान से पहले चन्नी के इस बयान को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर भाजपा के हमले और तीखे होंगे और कांग्रेस के लिए जवाब देना मुश्किल होगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story