×

Lucknow News: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति तैयार, कई नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ और मोहनलाल गंज से इंडिया गठबंधन के लोकसभा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने रणनीति तैयार कर ली है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन के कांग्रेसजनों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Abhishek Mishra
Published on: 28 March 2024 2:30 PM GMT
Lucknow News: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति तैयार, कई नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
X

Lucknow News: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को इंडिया गठबंधन के लखनऊ लोकसभा प्रत्याशी और विधायक रविदास मेहरोत्रा और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने संबोधित किया। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित भी यहां मौजूद रहे। प्रेसवार्ता से पहले जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एक बैठक हुई।

कंट्रोल रुम से रखी जाएगी चुनावी गतिविधियों पर नजर

शहर के मॉल एवेन्यू क्षेत्र स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने संयुक्त रुप से प्रेसवार्ता की। जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ और मोहनलाल गंज से इंडिया गठबंधन के लोकसभा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने रणनीति तैयार कर ली है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन के कांग्रेसजनों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोकसभा चुनाव की गतिविधियों पर निगाह रखने के लिए दोनों लोकसभा क्षेत्रों के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। लखनऊ कंट्रोल रूम का प्रभारी केके शुक्ला और मोहनलाल गंज लोकसभा कंट्रोल रुम का प्रभारी रितु अग्रवाल को बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश सचिव बृजेश सिंह और पूर्व महानगर अध्यक्ष श्री बोध लाल शुक्ला को लखनऊ लोकसभा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं मोहनलाल गंज लोकसभा के लिए पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गौरव चौधरी और पूर्व जिलाध्यक्ष सिराज वली खान को जिम्मेदारी दी सौंपी गई है। इंडिया गठबंधन के लखनऊ लोकसभा प्रत्याशी और विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि इस बार के चुनाव में इंडिया गठबंधन का ही प्रधानमंत्री होगा। लखनऊ के मौजूदा सांसद को लोगों के सुख और दुख से कोई मतलब नहीं है। उनके पार्टी के दो विधायकों का देहांत हुआ था लेकिन दुख में मौजूदा सांसद नहीं पहुंचे।

समन्वय समिति का हुआ गठन

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि विधानसभा स्तर पर भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। लखनऊ पश्चिम से शहाना सिद्दीकी और जेपी मिश्रा, उत्तर विधानसभा से अमित त्यागी और आरबी सिंह, पूर्व विधानसभा से आशुतोष मिश्रा और नसीम खान, मध्य विधानसभा से राजेश जायसवाल और योगेश्वर सिंह व कैन्ट विधानसभा से अंकित तिवारी और संजय श्रीवास्तव को प्रभारी बनाया गया है। मोहनलाल लोकसभा की मलिहाबाद विधानसभा में पूर्व विधायक इंदल रावत और रेहान खान, बक्शी का तालाब विधानसभा में रामपाल यादव और प्रज्ञा सिंह, सरोजनीनगर विधानसभा में रुद्रदामन सिंह और महीप सिंह, मोहनलालगंज विधानसभा में नरेन्द्र गौतम और मान सिंह मानू को विधानसभा का प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही लखनऊ लोकसभा के लिए 11 सदस्यों और मोहनलाल गंज लोकसभा के लिए आठ सदस्यों की समन्वय समिति बनाई गई है।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story