×

Gorakhpur News: सीएम योगी ने दी रामनवमी की बधाई, बुधवार को करेंगे कन्या पूजन

Gorakhpur News: सीएम योगी ने आगामी राम नवमी की बधाई दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी।

Purnima Srivastava
Published on: 16 April 2024 3:32 PM GMT
सीएम ने 15 महीने की सम्युक्ता को बगल में बिठाया।
X

सीएम ने 15 महीने की सम्युक्ता को बगल में बिठाया। (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर युद्धस्तरीय चुनाव प्रचार में जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर में रहे। सुबह उन्होंने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। उन्होंने गोशाला का भ्रमण कर उन्होंने गोवंश का हाल जाना और उन्हें अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। दिन में कुछ शुभचिंतकों से मुलाकात भी की। बुधवार को रामनवमी के दिन कुंवारी कन्याओं का पांव पखार कर उनसे आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के लोगों को रामनवमी की बधाई दी है। सीएम ने कहा कि भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी।

सीएम ने की गोसेवा

मंगलवार पूर्वाह्न पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार में जाने से पूर्व उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। इसके बाद सीएम मंदिर की योगी गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में उन्होंने चारों तरफ भ्रमण करते हुए श्यामा, गौरी, गंगा, भोला आदि नामों से गोवंश को पुकारा। सीएम योगी की आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है। प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री ने सभी के माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें रोटी और गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से सभी गोवंश के स्वास्थ्य व पोषण की जानकारी ली और गर्मी के मौसम में विशेष देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए।

रामनवमी की दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रामनवमी के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। आज यहां जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव है। रामनवमी के पर्व के साथ ही चैत्र नवरात्रि का पूजन भी सम्पन्न होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनका सम्पूर्ण जीवन हमें भारतीय संस्कृति के उदात्त गुणों-श्रद्धा, भक्ति, शक्ति, शान्ति, शील तथा सदाचार की प्रेरणा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत करता है।

भगवान राम ने जीवन जीने की प्रेरणा दी

भगवान राम का जीवन चरित्र आदर्श जीवन के साथ ही आचरण की शुद्धता के लिए प्रेरित करता है। मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी को त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है। उनके महान चरित्र की उच्च वृत्तियां जन मानस को शान्ति और आनन्द प्रदान करती हैं। उनके चरित्र में पग-पग पर मर्यादा, त्याग, प्रेम और लोक व्यवहार के दर्शन होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के संदेशों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का अवसर है। उत्तर प्रदेश के लिये यह अत्यन्त गौरवपूर्ण है कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या यहीं पर है। प्रत्येक वर्ष रामनवमी के अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां आते हैं। रामनवमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम के जन्म को श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाने के साथ ही, हमें इस तथ्य का भी बोध होना चाहिए कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने की आवश्यकता है।

15 महीने की बच्ची को बगल में बिठाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान शुभचिंतकों से मुलाकात भी की। मुलाकात के दौरान सहजनवां के विक्रम प्रताप सिंह की 15 माह की बेटी सम्युक्ता सिंह को दुलार दिया। मुख्यमंत्री ने सम्युक्ता सिंह को अपनी बगल में बिठाया और चॉकलेट दिया। इस दौरान उन्होंने संयुक्ता के साथ हंसी ठिठोली भी की।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story