×

इंडिया गठबंधन प्रत्याशी का भाजपा के आरोपों पर पलटवार, कहा-यह चंदा लेकर धंधा देने वाली भ्रष्ट पार्टी

Barabanki News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के तमाम नेताओं ने घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Sarfaraz Warsi
Published on: 28 April 2024 11:02 AM GMT
barabanki news
X

प्रत्याशी तनुज पुनिया बोले-भाजपा चंदा लेकर धंधा देने वाली भ्रष्ट पार्टी (न्यूजट्रैक)

Barabanki News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के तमाम नेताओं ने घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को झूठा और लोकतंत्र के लिए घातक बताते हुए आरोप लगाया कि यह लोग मजहबी आधार पर देश के विभाजन की आधारशिला रखना चाहते हैं। इन आरोपों पर बाराबंकी लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जनहित के मुद्दों पर कोई बात नहीं की है। जबकि कांग्रेस का घोषणापत्र समाज हित से जुड़े मुद्दों पर तैयार किया गया है। तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा बीफ एक्सपोर्ट हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चंदा लेकर धंधा देने वाली सबसे भ्रष्ट पार्टी है।

तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में युवाओं, किसानों और महिलाओं समेत सभी वर्गों के हित को ध्यान में रखकर वादे किये गये हैं। इसीलिये भाजपा हमारे घोषणापत्र से डर गई है और इस तरह के आरोप लगा रही है। समाज के विभाजन का एडेंजा कांग्रेस का नहीं बल्कि भाजपा का है। बंटवारे की राजनीति कांग्रेस नहीं बल्कि भाजपा करती है। उन्होंने कहा कि सत्ता में भाजपा है इसलिये सवाल उनसे पूछा जाना चाहिये। उन्हेंन इस बात का जवाब देना चाहिये कि पिछले 10 सालों में उन्होंने किया क्या है। कांग्रेस के घोषणा पत्र को जनता का समर्थन मिल रहा है।

तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा बीफ एक्सपोर्ट हो रहा है। कई राज्यों में भाजपा के लोग ही बीफ एक्सपोर्ट के काम में लगे हैं। भाजपा के कार्यकाल में ही बीफ का एक्सपोर्ट बढ़ा है। इस मुद्दे पर भाजपा को खुद ही जवाब देना चाहिये। उनका कांग्रेस पर आरोप लगाना एकदम गलत है। भाजपा ने इलेक्टोरल बांड के माध्यम से चंदा दो और धंधा लो वाला काम किया है। तनुज ने आरोप लगाया कि भाजपा सबसे ज्यादा भ्रष्ट पार्टी है। भाजपा देश की सारी संपत्ति अडानी और अंबानी जैसे पूंजीपतियों के नाम कर रही है। इस सरकार ने किसानों के साथ भी बड़ा धोखा किया है। एक बड़ी गाड़ी पर जितना जीएसटी लगता है उतना ही किसान के ट्रैक्टर पर भी लग रहा है। बोरी से खाद लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में भाजपा खुद को किसान हितैषी सरकार कैसे कह सकती है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story