×

Lok Sabha Election 2024: भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- सांसद जी हाजिर हों....

Aligarh News: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आज अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान और युवा परेशान है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 April 2024 1:02 PM GMT
अलीगढ़ में अखिलेश यादव।
X

अलीगढ़ में अखिलेश यादव। (Pic: Newstrack)

Aligarh News: 2024 लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में अलीगढ़ में 26 अप्रैल को मतदान होना है। सोमवार को नुमाइश मैदान के कोहिनूर मंच से अखिलेश यादव इंडिया गठबंधन प्रत्याशी विजेंद्र सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 10 साल से भाजपा की सरकार है। अब जनता आवाज लगा रही है कि सांसद जी हाजिर हों। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश का नौजवान, किसान और युवा परेशान है।

सांसद से मांग रहे हिसाब

अखिलेश ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 10 वर्ष कोई छोटा-मोटा समय नहीं होता है। जनता ने एनडीए को मौका दिया। दिल्ली ही नहीं यूपी में भी भाजपा की सरकार है। अब जनता की तरफ से आवाज आ रही है कि सांसद जी हाजिर हों और 10 साल मे किए गए कार्यों का हिसाब दें। हाल ही में हुए पहले चरण का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के रुझान आने लगे हैं। देश में इंडिया गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है। साथ ही पश्चिम के लोगों के मतदान ने ऐलान कर दिया है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी का सफाया होने जा रहा है।


भाजपा सरकार में किसान परेशान

अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा यहां अब मन की बात नहीं संविधान की बात हो। किसानों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार के खिलाफ किसान खड़े हो गए। किसानों को रोकने के लिए सरकार ने बिना परवाह किए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए। हजारों किसानों के शहीद होने के बाद इन्होंने काला कानून वापस लिया। अखिलेश ने कहा कि एनसीआरबी का आकड़ा बताता है कि एक लाख किसानों आत्महत्या कर ली। क्या बीजेपी सरकार के पास इसका कोई जवाब है? भाजपा सरकार में किसान दुखी है।

भाजपा के गलत मंसूबों पर लगाना है ताला

संबोधन के दौरान पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अलीगढ़ वालों से कहा कि एक ऐसा ताला बनाओ जो भाजपा के गलत मंसूबों पर हमेशा-हमेशा के लिए लगा दिया जाए। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने वालों पर ताला लगाना है। जिससे हमेशा के लिए नफरत बंद हो जाए। इस बात का परिचय अलीगढ़ ने बार बार दिया है। यह हमारी मिली जुली संस्कृति है। हम लोग मिलजुल कर रहते हैं।

फौज में पक्की नौकरी का वादा

पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार पर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौजवान मेहनत करके पढ़ाई करते हैं। पूरी मेहनत से पेपर देते है लेकिन सरकार की नाकामी से पेपर लीक हो जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में केवल एक पेपर नहीं बल्कि जितनी परीक्षाएं हुई हैं सभी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं का एक तिहाई जीवन बर्बाद कर दिया है। भाजपा सरकार में नौजवान नौकरी और रोजगार के लिए परेशान है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार आपके जीवन से खिलवाड़ कर रही है। अग्निवीर पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि रोजगार के लिए अग्निवीर जैसी व्यवस्था कर दी गई है। यह व्यवस्था आधी अधूरी है। यह कोई पक्की नौकरी नहीं है। हमारा नौजवान फौज में इज्जत और पक्की नौकरी करना चाहता है। उन्होंने वादा किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो सभी युवाओं को नौकरी दी जाएगी। किसी भी युवा के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा।

सिर्फ एक सीट पर लड़ाई

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा को हारता हुआ पहलवान बताया। पहले चरण के मतदान के बाद अखिलेश यादव को जीत का विश्वास है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि हारने वाला पहलवान क्या नहीं करता है। कभी कान कांट लेता है और कभी नोंचते हुए कपड़े फाड़ देता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले हार चुके हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में सिर्फ एक पर लड़ाई है बाकी 79 सीटें बीजेपी हार रही है।

कन्नौज पर बोले अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कन्नौज को लेकर कहा कि कन्नौज की जनता जो कहेगी वो करूंगा। वहीं कांग्रेस की सरकार आने पर ज्यादा संपत्ति वालों के सर्वे करने के मामले पर अखिलेश यादव ने बताया कि किसी चीज का इंटरप्रिटेशन गलत नहीं होना चाहिए। सोशलरिज्यम क्या है। सबके अंदर बराबरी हो। सबका साथ सबका विकास क्या है। आप सबका विकास कैसे करेंगे। इसके लिए जो डिस्ट्रीब्यूशन ऑफ़ मनी है या सबको बराबर का अधिकार मिले। अगर सरकार के पास ऐसी कार्यक्रम और योजनाएं हो जिससे सब बराबर चल सकें और बराबर का उन्हें लाभ पहुंचे तो बताओ क्या खराब है। लेकिन सरकार की नियत तो यही है न,ऐसे में बीजेपी से कुछ भी उम्मीद कर सकते हो।

मंगलसूत्र वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार

मीडिया से मुखातिब होते हुए। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलसूत्र के सवाल पर बताया कि ये हार का रूझान है। उन्होंने कहा इलेक्शन खत्म होने के बाद चुनावी परिणाम के रुझान आते हैं। लेकिन अभी तो चुनाव का पहला चरण खत्म हुआ है। उसी में रुझान आने लगे हैं। ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना और इस तरह की बात करना कहीं न कहीं हमारे लोकतंत्र को कमजोर करता है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story