×

Lok Sabha Election 2024: राजधानी की सियासी पिच पर सुनीता केजरीवाल की धुआंधार बैटिंग, BJP ने बताया दिल्ली की राबड़ी देवी

Lok Sabha Election 2024: पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में पार्टी की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें सुनीता केजरीवाल को दिल्ली की राबड़ी देवी बताया गया है

Anshuman Tiwari
Published on: 28 April 2024 5:53 AM GMT
Lok Sabha Election 2024
X
Lok Sabha Election 2024

Lok Sabha Election 2024: दिल्ली के शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान पर काफी असर पड़ा है। पार्टी प्रत्याशियों की स्थिति मजबूत बनाने के लिए अब चुनाव प्रचार की कमान उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने संभाल ली है। शनिवार को उन्होंने पूर्वी दिल्ली में अपना पहला रोड शो किया और अपने पति के भावुक संदेश के जरिए मतदाताओं की हमदर्दी बटोरने की कोशिश की। सुनीता केजरीवाल इमोशनल कार्ड खेलकर दिल्ली के मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश में जुट गई हैं।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है और इस गठबंधन के तहत पार्टी चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि कांग्रेस ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव प्रचार में सुनीता केजरीवाल के सक्रियता बढ़ाने के बाद भाजपा ने भी जवाबी हमला किया है। पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में पार्टी की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें सुनीता केजरीवाल को दिल्ली की राबड़ी देवी बताया गया है। दरअसल दिल्ली के लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बड़ा मुद्दा बनती हुई दिख रही है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी सक्रियता

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली के दौरान भाजपा और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला था। इसके बाद उन्होंने झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में भी हिस्सा लिया था। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद वे मौजूदा लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से स्टार प्रचारक की भूमिका निभा रही हैं।राजधानी दिल्ली में उन्होंने सड़कों पर उतरकर आप की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में शनिवार को उन्होंने पूर्वी दिल्ली में आप प्रत्याशी कुलदीप कुमार के समर्थन में रोड शो किया जिसमें आप से जुड़े कार्यकर्ता काफी संख्या में उमड़े।

जनता की हमदर्दी बटोरने की कोशिश

सुनीता केजरीवाल की इस कोशिश को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद जनता की हमदर्दी बटोरने और इमोशनल कार्ड चलकर पार्टी को मजबूत बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही वे भावुक संदेश के जरिए जनता की सहानुभूति बटोरने की कोशिश करती रही हैं। रोडशो के दौरान उनके साथ पार्टी प्रत्याशी और विधायक कुलदीप कुमार भी थे।सुनीता केजरीवाल ने अपने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के साथ यह सवाल उठाया कि मेरे पति अरविंद केजरीवाल का आखिरकार क्या कसूर था कि उन्हें गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया गया। वे यह आरोप भी लगा रही हैं कि मेरे पति को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उनके रोड शो के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के पोस्टर भी ले रखे थे जिन पर लिखा था कि जेल का जवाब वोट से।

पति को इंसुलिन न दिए जाने का मुद्दा उठाया

जनता के बीच अपने संबोधन के दौरान सुनीता केजरीवाल ने उन्हीं बातों को दोहराया जो वे अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद अपने वीडियो के जरिए कहती रही हैं। उन्होंने अपने पति के हाई शुगर का मरीज होने और उन्हें कई दिनों तक इंसुलिन न दिया जाने का मुद्दा भी जोर-जोर से उठाया। उनका कहना था कि मेरे पति की गिरफ्तारी के बाद उन्हें कई दिनों तक इंसुलिन का इंजेक्शन नहीं लगने दिया गया। क्या ये लोग उन्हें खत्म करना चाहते हैं?उनका कहना था कि मुख्यमंत्री पूरी तरह बेकसूर हैं। ऐसे में लोगों को उन्हें समर्थन देकर मजबूत बनाना चाहिए। जानकारों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार का पूरा दारोमदार सुनीता केजरीवाल के कंधों पर ही आ गया है।यही कारण है कि अब उनके सामने खुद चुनाव प्रचार में उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं रह गया है। रविवार को उनका पश्चिमी दिल्ली में चुनाव प्रचार का कार्यक्रम है। इसके अलावा वे गुजरात, पंजाब और हरियाणा में भी आने वाले दिनों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

भाजपा ने बताया दिल्ली की राबड़ी देवी

इस बीच सुनीता केजरीवाल की सियासी सक्रियता बढ़ने के बाद भाजपा ने भी अपने हमले तेज कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच जबर्दस्त पोस्टर वार दिख रहा है। भाजपा की ओर से पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें सुनीता केजरीवाल को दिल्ली की राबड़ी देवी बताया गया है।उल्लेखनीय है कि बिहार में चारा घोटाले में लालू प्रसाद यादव की गिरफ्तारी के बाद राजद ने राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाने का बड़ा कदम उठाया था। इसी कारण भाजपा की ओर से दिल्ली में सुनीता केजरीवाल को राबड़ी देवी बताया जा रहा है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आप को घेरा

इससे पहले भाजपा की ओर से दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर भी साइन बोर्ड लगाया गया था जिस पर लिखा हुआ था-शीशे का महल भ्रष्टाचार का अड्डा,छह फ्लैग स्टाफ रोड सिविल लाइंस। यह दिल्ली के मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास है और आवास में कराए गए करोड़ों के कामों को लेकर भाजपा पहले से ही हमला बोलती रही है।भाजपा 2014 और 2019 में दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और ऐसे में आप और कांग्रेस ने 2024 की सियासी जंग में भाजपा को झटका देने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है। इसी कारण दोनों खेमों की ओर से वार-पलटवार का जोरदार दौर देखने को मिल रहा है।

Shalini singh

Shalini singh

Next Story