×

Lok Sabha Election: 13 राज्यों की 88 सीटों के लिए थमा चुनाव प्रचार, अरुण गोविल-राहुल गांधी की प्रतिष्ठा दांव पर

Lok Sabha Election 2024: दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में वायनाड से राहुल गांधी, मथुरा से हेमा मालिनी, मेरठ से अरुण गोविल मैदान में हैं।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 24 April 2024 2:53 AM GMT (Updated on: 24 April 2024 12:58 PM GMT)
Rahul Gandhi, Arun Govil and Hema Malini
X

Rahul Gandhi, Arun Govil and Hema Malini (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: 2024 लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनावी शोर बुधवार शाम 6 बजे थम गया। इस चरण में 12 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 88 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, हेमा मालिनी, रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल समेत 1,206 प्रत्याशी मैदान में हैं।

वहीं पहले चरण में कम मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने अपने कर्मियों को लोगों को वोट देने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने इस बार से एक नया प्रयोग भी किया है, उसने शहरी इलाकों की बहुमंजिली इमारतों में वहीं पर मतदान की व्यवस्था की है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है, लेकिन वहीं अगर समय खत्म होने के बाद भी लोग लाइन में रह जाते हैं तो उनका वोट भी डलवाया जाएगा।

ये दिग्गज हैं मैदान में

दूसरे चरण के चुनाव में केरल के वायनाड से राहुल गांधी, मथुरा से हेमा मालिनी, मेरठ से अरुण गोविल मैदान में हैं। वहीं तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर का मुकाबला केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर से, जम्मू लोकसभा सीट से भाजपा के जुगल किशोर का कांग्रेस के रमन भल्ला से है, यहां गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी ने जीएम सरुरी को चुनाव लड़ाकर मुकाबले को त्रिकोणीय करने का प्रयास किया है। यहां पर कुल 22 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

यूपी की 8 सीटों पर 91 उम्मीदवार

यूपी की आठ सीटों पर भी दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे। इन आठ सीटों पर 91 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे है। सबसे अधिक गौतमबुद्धनगर और मथुरा सीट पर 15-15 उम्मीदवार हैं तो वहीं बुलंदशहर में सबसे कम केवल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। अमरोहा में 12, मेरठ में आठ, बागपत में सात, गाजियाबाद और अलीगढ़ में 14-14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में प्रदेश की गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अमरोहा, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे।

तीसरे चरण में 12 राज्यों की 95 सीटों पर 1,352 प्रत्याशी

उधर 2024 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की लड़ाई में कुल 1,352 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इस चरण में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैलीं लोकसभा की 95 सीटों पर 7 मई को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में गुजरात में लोकसभा की 26 सीटों पर सबसे अधिक 658 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, 95 सीटों के लिए 2,963 नामांकन दाखिल किए गए थे। मध्य प्रदेश की बेतूल सीट से आठ उम्मीदवार भी शामिल हैं, जहां दूसरे चरण में ही मतदान होना था, लेकिन प्रत्याशी के निधन के कारण यहां मतदान टाल दिया गया था।

मतपत्रों की जांच के दौरान 1,563 नामांकन सही पाए गए थे। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 22 अप्रैल के बाद अब मैदान में केवल 1,352 प्रत्याशी रह गए हैं। गुजरात की सूरत से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गया है, क्योंकि यहां से कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया था और बाकी उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया था।

महाराष्ट्र की 11 सीटों पर 519 प्रत्याशी

तीसरे चरण में महाराष्ट्र में 11 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। जहां 519 प्रत्याशी मैदान में हैं। महाराष्ट्र के उस्मानाबाद सीट पर सबसे अधिक 77 और छत्तीसगढ़ की बिलासपुर सीट पर 68 प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण में असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, दादरा और नगर हवेली और दमन व दीव की 2, गोवा की 2, गुजरात की 26, जम्मू-कश्मीर की 1 सीट पर मतदान होगा। इसके अलावा, कर्नाटक की 14, मध्य प्रदेश की 9, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10 और पश्चिम बंगाल की 4 लोकसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story