×

'कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी, जिंदगी की बाद भी', सैम पित्रोदा के 'विरासत टैक्स' वाले बयान पर बिफरे मोदी

Lok Sabha Election 2024: मोदी ने रैली में लोगों से कहा कि जब तक आप जीवित रहेंगे, तब तक कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी और जब जीवित नहीं रहेंगे, तब आप पर Inheritance Tax का बोझ लाद देगी।

Viren Singh
Published on: 24 April 2024 7:29 AM GMT (Updated on: 24 April 2024 8:15 AM GMT)
कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी, जिंदगी की बाद भी, सैम पित्रोदा के विरासत टैक्स वाले बयान पर बिफरे मोदी
X

Lok Sabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की लोकसभा चुनाव की प्रचार डोर अपने हाथ में उठाए हुए हैं। वह इस देश को मथते हुए लगातार चुनावी रैलियां और जनासभाएं करते हुए भाजपा के पक्ष में मौहाल तैयार कर रहे हैं। इस कड़ी में पीएम मोदी बुधवार को छत्तीसगढ़ के सरगुजा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया और जमकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर हमला बोला। रैली में मोदी ने विरासत टैक्स का भी जिक्र किया और भारतीय जीवन बीमा निगम से मिली जुलती पंच लाइन को कांग्रेस से जोड़ दिया।

आपकी मेहनत का पैसा आपके बच्चों को नहीं मिलेगा

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के इरादे नेक नहीं है। अब उनके खतरनाक इरादे खुलकर सबके सामने आ गए हैं। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार (सैम पित्रोदा) ने कुछ समय पहले कहा था कि मिडिल क्लास पर और ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए। अब ये लोग इससे भी एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि वो Inheritance Tax लगाएगी, माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी, यानी विरासत को कांग्रेस का पंजा आपसे लूट लेगा। कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।

आप जानते हैं कांग्रेस किसको देगी आपकी संपत्ति

उन्होंने कहा कि जब तक आप जीवित रहेंगे, तब तक कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी और जब जीवित नहीं रहेंगे, तब आप पर Inheritance Tax का बोझ लाद देगी। पूरी कांग्रेस पार्टी को अपनी पैतृक संपत्ति मानकर जिन लोगों ने अपने बच्चों को दे दी, अब वो नहीं चाहते कि भारतीय अपनी संपत्ति अपने बच्चों को दें। आपको पता है ना कांग्रेस ये सब छीनकर किसे देगी? आपको पता है ना आपसे लूटकर इसे किसे दिया जाएगा? मुझे कहने की जरूरत नहीं है। लेकिन क्या आप ये पाप करने देंगे? लेकिन कांग्रेस को पता नहीं है कि उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। जनता उन्हें ये मौका नहीं देगी।

क्या है बयान

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीते दिनों एक बयान में कहा था कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आई तो एक सर्वे कराया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है। राहुल के इसी बयान पर जब सैम पित्रोदा से पूछा गया तो उन्होंने अमेरिका में लगने वाले विरासत टैक्स का जिक्र किया। उन्होंने कहा किअमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी शख्स के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है. उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को ट्रांसफर हो जाती है जबकि 55 फीसदी संपत्ति पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है।

सैम बोले- लोगों के बीच हो इस पर चर्चा

उन्होंने आगे कहा कि यह रोचक कानून है। इसके प्रावधान है कि आपने अपने जीवन में खूब संपत्ति बनाई है और आपके जाने के बाद आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। पूरी संपत्ति नहीं बल्कि आधी। जो मुझे सही लगता है। हालांकि भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है। यहां अगर किसी के पास 10 अरब रुपये की संपत्ति है. उसके मरने के बाद उनके बच्चों को सारी की सारी संपत्ति मिल जाती है, जनता के लिए कुछ नहीं बचता। मुझे लगता है कि इस तरह के मुद्दों पर लोगों को चर्चा करनी चाहिए। सैम के इस बयान के बाद लोकसभा चुनाव के बीच देश की राजनीति गरमा गई है। चुनाव में अब विरासत टैक्स मुद्दा बना गया है और इस मुद्दे को लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलवार होते हुए देश की जनता को कांग्रेस के प्रति सचेत कर रही है। पीएम मोदी ने भी आज छत्तसीगढ़ की रैली में विरासत टैक्स की राग छेड़ दी।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story