×

Loksabha Election 2024: गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर बीजेपी की इस बार भी चमकेगी किस्मत, जानें समीकरण

Loksabha Election 2024 Gautam Buddha Nagar Seats Details: गौतमबुद्ध नगर को पहले नोएडा ही कहा जाता था। लेकिन आम बोलचाल में आज भी यह नाम प्रचलन में है। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा के डॉ. महेश शर्मा लगातार दो बार से सांसद हैं। जानें यहां का समीकरण

Sandip Kumar Mishra
Published on: 23 April 2024 5:59 AM GMT
Loksabha Election 2024: गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर बीजेपी की इस बार भी चमकेगी किस्मत, जानें समीकरण
X

Loksabha Election 2024: देश की राजधानी दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले को बेहद हाई प्रोफाइल क्षेत्र माना जाता है। यूपी का सबसे अमीर जिला कहे जाने वाले गौतमबुद्ध नगर का सियासी रूझान देश व प्रदेश की राजनीतिक से मिलाजुला होता है। गौतमबुद्ध नगर को पहले नोएडा ही कहा जाता था। लेकिन आम बोलचाल में आज भी यह नाम प्रचलन में है।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा के डॉ. महेश शर्मा लगातार दो बार से सांसद हैं। भाजपा ने तीसरी बार भी उन पर भरोसा जातते हुए उन्हें टिकट दिया है। जबकि इंडिया गठबंधन के तहत सपा के डॉ. महेंद्र सिंह नागर चुनावी रण में उतरें हैं। वहीं बसपा ने राजेंद्र सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है। 2014 के बाद से गौतमबुद्ध नगर भाजपा का मजबूत दूर्ग बन गया है। यहां के नोएडा विधानसभा क्षेत्र से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह विधायक हैं। लेकिन इस बार के लोकसभा चुनाव में यहां त्रिकोणिय मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा में आपसी मतभेदों की चर्चा भी खुलेआम हो रही है। लेकिन इस चर्चा का चुनाव के परिणाम पर कितना असर होता है, यह देखने वाली बात होगी।

डॉ. महेश शर्मा को 2014 के मोदी मंत्रीमंडल में मिली थी जगह

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा के डॉ. महेश शर्मा ने सपा बसपा के संयुक्त उम्मीदवार रहे सतवीर नागर को 3,36,922 वोट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में डॉ. महेश शर्मा को 830,812 और सतवीर नागर को 4,93,890 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस के डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने महज 42,077 वोट पाकर अपनी जमानत जब्त करा ली थी। वहीं लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा के डॉ. महेश शर्मा ने सपा के नरेंद्र भाटी को 2,80,212 वोट से हराकर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में डॉ. महेश शर्मा को 5,99,702 और नरेंद्र भाटी को 3,19,490 वोट मिले थे। जबकि बसपा के सतीश कुमार को 1,98,237 और कांग्रेस के रमेश चंद तोमर को 12,727 वोट मिले थे। पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की भाजपा सरकार बनने पर डॉ. महेश शर्मा को केंद्रीय पर्यटन और संस्कृत राज्यमंत्री बनाया गया था। लेकिन 2019 में उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में स्थान नहीं मिला।

यहां जानें गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के बारे में



  • गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र का निर्वाचन संख्या 13 है।
  • यह लोकसभा क्षेत्र 2009 में अस्तित्व में आया था।
  • गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र का गठन गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा, दादरी, जेवर व सिकंद्राबाद और बुलन्दशहर जिले के खुर्जा विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर किया गया है।
  • गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के इन 5 सीटों पर भाजपा के विधायक हैं।
  • गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में कुल 23,02,960 मतदाता हैं। जिनमें से 10,34,503 पुरुष और 12,68,324 महिला मतदाता हैं।
  • गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 2019 में हुए चुनाव में कुल 13,93,141 यानी 60.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास

गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र का पौराणिक रूप से खास महत्व रहा है। जिले के दनकौर क्षेत्र में गुरु द्रोणाचार्य और बिसरख में रावण के पिता विश्वेश्रवा ऋषि का प्राचीन मंदिर स्थित है। यहीं पर आजादी की जंग के दौरान 1919 में ग्रेटर नोएडा स्थित रामपुर जागीर गांव में ही कुछ समय के लिए सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल भूमिगत होकर रहते थे। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट 2009 से पहले जिला खुर्जा लोकसभा क्षेत्र में आता था। जब गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट बना तो दादरी, सिकंदराबाद, जेवर और खुर्जा के बाद नोएडा में नई विधानसभा सीट का गठन हुआ। लेकिन 2009 से पहले भी यहां के लोकसभा चुनाव का इतिहास बेहद दिलचस्प रहा है।

1984 में आखिरी बार कांग्रेस ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद से लगातार पार्टी को यहां से निराशा झेलनी पड़ी है। आजादी के बाद 1952 में हुए चुनाव में सबसे पहले कन्हैया लाल वाल्मीकि खुर्जा सीट से सांसद बने। वह साल 1957 और 1962 में भी लोकसभा चुनाव जीते। 1967 में पहली बार इस सीट से प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के रामचरण चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। 1971 में कांग्रेस के हरिसिंह वाल्मीकि ने यह चुनाव जीता। वर्ष 1975 में आपातकाल के बाद जब कांग्रेस के खिलाफ लहर थी, तब जनता पार्टी के मोहन लाल पिप्पल सांसद बने। हालांकि, 1980 में कांग्रेस लहर के बावजूद इस सीट से चौधरी चरण सिंह की पार्टी से त्रिलोक चंद चुनाव जीते थे।

कांग्रेस सांसद वीरसेन हुए थे राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में शामिल

साल 1984 के चुनावों में कांग्रेस का दबदबा देश भर में कायम था, तब कांग्रेस के वीरसेन चुनाव जीते और राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में पहली बार शामिल हुए। इस क्षेत्र को तब केंद्रीय मंत्रिपरिषद में पहली बार जगह मिली थी। वर्ष 1984 के बाद 35 साल से कांग्रेस की यहां कभी वापसी नहीं हुई। 1989 के चुनाव में जनता दल के टिकट पर भगवान दास राठौर और 1991 में रोशन लाल चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। 1996 में जब अटल युग की वापसी हुई तब बीजेपी से अशोक प्रधान जीते। वह 1998,1999, 2004 में भी चुनाव जीते। लेकिन 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र में हुए कड़े मुकाबले में बसपा से सुरेंद्र नागर जीत दर्ज की थी। तब डॉ. महेश शर्मा ने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था। वह 15,904 वोट से चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2012 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में नोएडा विधानसभा से पहली बार डॉ. महेश शर्मा भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के जातीय समीकरण की बात करें तो यहां क्षत्रिय मतदाताओं की संख्या करीब 4,00,000 है। जबकि ब्राह्मण मतदाता की तादाद करीब 4,00,000 है। इनके अलावा 3,50,000 मुस्लिम और 3,50,000 गुर्जर समाज के मतदाता हैं। वहीं 3,50,000 दलित और 3,00,000 अन्य मतदाता हैं।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से अब तक चुने गए सांसद

  • कांग्रेस से कन्हैया लाल बाल्मीकि 1952, 1957 और 1962 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से रामचरण 1967 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • कांग्रेस से हरि सिंह 1971 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • जनता पार्टी से मोहन लाल पिपिल 1977 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • जनता पार्टी (सेक्युलर) से त्रिलोक चंद 1980 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • कांग्रेस से वीर सेन 1984 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • जनता दल से भगवान दास राठौड़ 1989 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • जनता दल से रोशन लाल 1991 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • भाजपा से अशोक कुमार प्रधान 1996,1998, 1999 और 2004 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • बसपा से सुरेंद्र सिंह नागर 2009 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • भाजपा से डॉ. महेश शर्मा 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story