×

Election 2024 : आंवला में पीएम मोदी का कांग्रेस-सपा पर वार, बोले - आपका हक छीनने नहीं देंगे

Lok Sabha Electino 2024 : लोकसभा चुनाव - 2024 के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आंवला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया।

Rajnish Verma
Written By Rajnish Verma
Published on: 25 April 2024 10:24 AM GMT (Updated on: 25 April 2024 11:08 AM GMT)
Election 2024 : आंवला में पीएम मोदी का कांग्रेस-सपा पर वार, बोले - आपका हक छीनने नहीं देंगे
X

Lok Sabha Electino 2024 : लोकसभा चुनाव - 2024 के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आंवला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कुर्मी, यादव, जाट, तेली, पाल, गुर्जर आदि किसी भी समाज का आरक्षण सपा-कांग्रेस वाले छीन नहीं पायेंगे, ये मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरेली के आलमपुर जाफराबाद के सैनिक मैदान में कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ये जो स्नेह आप मुझ पर और मेरे इन साथियों पर बरसाते हैं, यही मेरी पूंजी है। आपका प्यार ही मेरे जीवन की ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि ये मोदी जीवन का पल-पल, शरीर का कण-कण आपकी सेवा में खपाने के लिए निकला है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्यकुमारी और अनेक राज्यों में जनसभाओं का संबोधन किया, हिन्दुस्तान के हर एक कोने से एक ही आवाज आ रही है, एक बाद फिर मोदी सरकार।

अब किसी बुजुर्ग को इलाज के नहीं भटकना होगा

पीएम मोदी ने कहा कि कहा जाता है कि जितनी मजबूत नींव, उतना ही मजबूत घर। इसी सोच के साथ आज भाजपा विकसित भारत के लिए गरीब, किसान, युवा और नारीशक्ति को सशक्त कर रही है। ये भाजपा ही है, जिसने बहनों की बिजली, नल से जल, शौचालय, सस्ते गैस कनेक्शन जैसी अनेक रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अब 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों की जिम्मेदारी भी मोदी ने उठाने का निर्णय लिया है, अब किसी बुजुर्ग को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली में आपका ये बेटा मोदी बैठा है।

ये भारत को नई बुलंदी तक पहुंचाने का चुनाव

उन्होंने कहा कि आज यूपी की पहचान नए अवसरों के तौर पर बन रही है। योगी जी के नेतृत्व में यूपी का भाग्य बदल रहा है और यूपी के सांसद के नाते मेरे लिए भी ये गर्व की बात है। पहले आपके हक का पैसा भ्रष्टाचारी लूट लेते थे। आज बरेली और बदायूं के किसानों को ही पीएम किसान सम्मान निधि के 600 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। ऐसा काम तब होता है, जब विकास सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा कि 2024 का ये चुनाव... एक हजार वर्ष की गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने का चुनाव है। ये चुनाव भारत के स्वाभिमान को नई बुलंदी देने वाला चुनाव है।

वोट बैंक नाराज न हो इसलिए निमंत्रण ठुकरा दिया

पीएम मोदी ने राम मंदिर के मुद्दे पर सपा और कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस वाले पहले आए दिन कहते थे कि भाजपा वाले बड़ी-बड़ी बाते करते हैं, वो हमारा मजाक उड़ाते थे कि मंदिर वही बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे और गालियां देते थे। लेकिन हमने मंदिर भी बनवाया, प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा भी हो गई। हमने उन्हें निमंत्रण भी दिया, लेकिन उन्होंने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को भी ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि निमंत्रण को इसलिए ठुकरा दिया ताकि उनका वोट बैंक नाराज न हो जाए।

तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद तक जा सकती है सपा-कांग्रेस

पीए मोदी ने परिवारवाद और तुष्टिकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यूपी में सपा के ठेकेदार जो खुद को यदुवंशी बताते हैं, ऐसे सपा के परिवारवादी... वो भी श्रीकृष्ण की बेइज्जती करने वालों की आरती उतार रहे हैं। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है। सपा-कांग्रेस का इंडी गठबंधन तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। कांग्रेस का इरादा है कि ओबीसी का आरक्षण छीन कर उनके खास पसंद वालों को दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के इन इरादों पर सपा के शहजादे ने भी चुप्पी साध रखी है, यानी उनका कांग्रेस के इस इरादे पर पूरा-पूरा समर्थन है।

कांग्रेस-सपा से सतर्क रहने की जरूरत

पीएम मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कल से देश में एक नया नारा चर्चा में आया है, जो हम सबके लिए चिंता का विषय है। नारा है- कांग्रेस की लूट... जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी। कांग्रेस का इरादा आपकी संपत्ति छीनने का है। उन्होंने घोषणा की है कि आपकी मृत्यु के बाद आपकी सारी संपत्ति आपकी संतानों को नहीं मिलेगी... कांग्रेस सरकार आपकी सारी संपत्ति जब्त कर लेगी और आधी संपत्ति ही आपकी संतानों को मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारी माताओं-बहनों के मंगलसूत्र छीनने की बात कर रही है। इनके इरादे बहुत खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि सपा के शहज़ादे की जब सरकार थी, तब मंगल सूत्र छिपा कर रखना पड़ता था और अब कांग्रेस के शहज़ादे कहते हैं... वो एक्स-रे मशीन लगाकर जांच कराएंगे। इसलिए कांग्रेस-सपा से सतर्क रहने की जरूरत है।

हम आपके हक को नहीं छीनने देंगे

पीएम मोदी ने ओबीसी मामले को तूल दिया है। उन्होंने कहा कि आपके हक को कोई छीन न ले, इसलिए मुझे 400 सीट की जरूरत है। मैं यूपी के ओबीसी समाज कुर्मी, यादव, जाट, तेली, पाल, गुर्जर आदि किसी भी समाज को गारंटी दे रहा हूं कि मैं आपके आरक्षण का अधिकार सपा और कांग्रेस को छीनने नहीं दूंगा... ये मोदी की गारंटी है। कांग्रेस और सपा सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचती है... इनको जनता से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा को अपने परिवार के अलावा कोई भी यादव प्रत्याशी नहीं मिला, ये अपने परिवार का ही भला करेंगे।

आंवला और बदायूं सीट पर साधा सियासी समीमकरण

बता दें कि पीएम मोदी यहां से आंवला और बदायूं सीट के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सियासी समीकरण साधने का प्रयास किया। पीएम मोदी के साथ मंच पर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, गुलाबो देवी, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, बदायूं सांसद संघमित्रा मौर्य, बरेली सांसद संतोष गंगवार और दोनों सीटों के भाजपा प्रत्याशी मौजूद हैं।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story