×

Election 2024 : क्या रायबरेली से प्रियंका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे वरूण गांधी?

Election 2024 : कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी को टिकट दे सकती हैं, ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच भाजपा ने भी यहां से वरूण गांधी को टिकट देने का फैसला किया है, सूत्र बता रहे हैं उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया है।

Rajnish Verma
Written By Rajnish Verma
Published on: 25 April 2024 3:01 PM GMT
Sultanpur and Amethi Election News
X

वरुण गांधी और प्रियंका गांधी (Photo - Social Media)

Election 2024 : लोकसभा चुनाव - 2024 के लिए दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार (26 अप्रैल, 2024) को होगा। इस बीच उत्तर प्रदेश की बहुचर्चित सीट या कहें गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली सीट रायबरेली और अमेठी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इनमें से रायबरेली सीट पर अभी तक भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस, दोनों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि इस बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस यहां से प्रियंका गांधी को टिकट दे सकती हैं। वहीं, भाजपा ने भी रायबरेली से वरूण गांधी को टिकट देने का फैसला किया है, सूत्र बता रहे हैं उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उतारने का मन बना लिया है और अमेठी सीट से राहुल गांधी को उतारने की तैयारी है। रायबरेली सीट से पिछली बार सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। वह वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। सोनिया गांधी की सीट पर अब प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है। इस बीच सूत्रों से जानकारी मिली है कि भारतीय जनता पार्टी ने रायबरेली से वरूण गांधी को टिकट देने का मन बनाया है, लेकिन वरूण ने बहन प्रियंका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।

राहुल गांधी अमेठी से उतरेंगे चुनाव मैदान में

वहीं, अमेठी से पिछले चुनाव में राहुल गांधी को हार करने का सामना करना पड़ा था, हालांकि वह अपनी दूसरी सीट वायनाड से जीत गए थे। अमेठी से भारतीय जनता पार्टी की स्मृति ईरानी ने जीत हासिल की थी। इस बार अमेठी सीट को लेकर अभी कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं घोषित किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी से स्मृति ईरानी इस बार भी मैदान में हैं। सूत्रों ने बताया कि अमेठी से राहुल गांधी चुनाव लड़ सकते हैं।

अखिलेश यादव ने भी दिया संकेत

वहीं, कांग्रेस के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कन्नौज से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि उनकी इच्छा है प्रियंका गांधी और राहुल गांधी यहीं से चुनाव लड़ें। सूत्रों की मानें तो दूसरे चरण में वायनाड की सीट पर चुनाव है, यहां से मतदान सम्पन्न होने के बाद किसी भी समय इन दोनों सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है।

बीजेपी ने पीलीभीत से काट दिया था टिकट

बता दें कि वर्तमान में वरूण गांधी पीलीभीत लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद हैं। बीजेपी ने इस बार पीलीभीत से उनका टिकट काटकर जितिन प्रसाद को दे दिया था। वह बीजेपी के खिलाफ भी खुलकर बोलते रहे हैं। बीजेपी ने वरूण का टिकट काट दिया था, लेकिन उनकी मां को सुलतानपुर से प्रत्याशी बनाया है। सूत्र बता रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी वरूण गांधी को सुलतानपुर से चुनाव लड़ा सकती है, लेकिन ये भी खबर है कि उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story