×

Lok Sabha Election 2024: डिंपल यादव के प्रचार को मैदान में उतरीं अदिति, सादगी ने मोहा लोगों का मन

Lok Sabha Election 2024: डिंपल यादव के लिए चुनाव प्रचार की कमान इस बार मुलायम सिंह यादव की तीसरी पीढ़ी ने थाम रखी है। मैनपुरी में इन दिनों अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव जनसंपर्क करती नजर आ रही हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 20 April 2024 9:01 AM GMT
mainpuri news
X

मैनपुरी में डिंपल यादव के प्रचार को मैदान में उतरीं अदिति यादव (न्यूजट्रैक)

Lok Sabha Election 2024: यूपी की हाईप्रोफाइल सीट मैनपुरी इस समय सुर्खियों में हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) इस सीट से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) का गढ़ माना जाता है। इस सीट पर डिंपल यादव का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार जयवीर सिंह से होगा। डिंपल यादव चुनाव प्रचार के लिए जमकर पसीना बहा रही हैं। वह जनसभा और रोड शो कर लोगों से संपर्क कर रही हैं।

वहीं डिंपल यादव के लिए चुनाव प्रचार की कमान इस बार मुलायम सिंह यादव की तीसरी पीढ़ी ने थाम रखी है। मैनपुरी में इन दिनों अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव (Aditi Yadav) जनसंपर्क करती नजर आ रही हैं। वह अपनी मां डिंपल यादव के पक्ष में लोगों से वोट मांग रही हैं। अब तक वह केवल अपनी मां के साथ मंच पर नजर आती थीं। लेकिन जब अदिति यादव को माइक थाम लोगों को संबोधित करते देखा गया। तो स्वतः ही यह कयास लगाये जाने लगा कि मुलायम सिंह की तीसरी पीढ़ी का राजनीति में पर्दापण हो गया है। अदिति यादव की सादगी और बेबाक बानगी ने लोगों का मन मोह लिया।

समाजवादी पार्टी को वोट दीजिएगा

यूं तो सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और डिंपल यादव की पुत्री अदिति यादव विदेश में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। लेकिन इन दिनों वह चुनावी समर में अपनी मां डिंपल यादव के लिए जनसंपर्क कर रही हैं। सपा महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निधि यादव के साथ अदिति यादव ने किशनी विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान अदिति यादव ने लोगों से साइकिल पर बटन दबाकर सपा को जिताने की अपील भी की।

अदिति यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आप सभी का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आयी हूं। आपसे मिले प्रेम के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सात मई को वोट देने जरूर जाएं और साइकिल का बटन दबाएं। भारी मतों से सपा को विजयी बनाएं। जय हिन्द जय समाजवाद। इस दौरान मैनपुरी के लोगों ने सपा मुखिया की पुत्री अदिति यादव का दिल खोलकर स्वागत किया। लोगों ने अदिति को फूलों की मालाएं और चाँदी का मुकुट भी पहनाया। स्टेज पर बोलते समय शुरूआत में अदिति थोड़ा असहज जरूर नजर आयीं। लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने लोगों से वार्ता की। उनके आत्मविश्वास को देख यह लग गया कि वह राजनीति में कदम रखने वाली नहीं बल्कि रख चुकी हैं।

सपा का गढ़ है मैनपुरी सीट

मैनपुरी लोकसभा सीट पर नजर डालें तो साल 1996 से यह सीट लगातार समाजवादी पार्टी के खाते ही रही है। इस सीट से मुलायम सिंह यादव पांच बार सांसद बने। साल 2022 में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद जब सीट रिक्त हुई। तब मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव ने उनकी विरासत को संभाला, 2022 में उपचुनाव में डिंपल यादव ने रिकॉर्ड वोटों से जीत दर्ज की। इस बार भाजपा ने डिंपल यादव के सामने जयवीर सिंह को चुनावी रण में उतारा है। जबकि बसपा की ओर शिव प्रसाद यादव चुनाव मैदान में हैं। लेकिन इसके बावजूद भी सपा इस सीट पर काफ़ी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story