×

Election 2024: तीसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान कल, इन 10 हाई-प्रोफाइल सीटों पर सबकी नजर

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 11 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान कल होगा। इस फेज में कई दिग्गजों की साख दांव पर है। साथ ही देश की इन 10 हाई-प्रोफाइल सीटों पर सबकी नजर रहने वाली है।

Aniket Gupta
Published on: 6 May 2024 2:13 PM GMT (Updated on: 6 May 2024 2:24 PM GMT)
Election 2024: तीसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान कल, इन 10 हाई-प्रोफाइल सीटों पर सबकी नजर
X

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग में महज कुछ घंटे बाकी हैं। चुनाव प्रचार थम चुका है। कल यानी मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 11 राज्यों की 93 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इसको लेकर चुनाव आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है। अब तक दो चरणों के तहत 190 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। पहले चरण का मतदान की बीते 19 अप्रैल को था। इस फेज में 66.14 प्रतिशत वोटिंग हुई जबकि दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 66.71 फीसदी मतदान हुआ था। कल के तीसरे चरण की वोटिंग के साथ 284 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इन तीन फेज के मतदान के बाद अगली सरकार का रुख तय हो जाएगा।

तीसरे चरण में ये हाई प्रोफाइल सीटें शामिल

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में कई दिग्गजों की साख दांव पर है। इस फेज में एमपी के विदिशा सीट से शिवराज सिंह चौहान, गुना शिवपुरी से ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजगढ़ से दिग्विजय सिंह इस फेज में चुनावी मैदान में हैं। यूपी की कुछ हॉटसीटें भी इस चरण में शामिल हैं। तीसरे चरण में मुलायम परिवार के अक्षय यादव, डिंपल यादव, आदित्य यादव के राजनीतिक किस्मत का फैसला कल ईवीएम की पेंटी में बंद हो जाएगा। इनके अलावा राजवीर सिंह, गृहमंत्री अमित शाह जैसे दिग्गज इस फेज में चुनावी मैदान में हैं।

कल कहां कितनी सीटों पर मतदान, एक नजर में

राज्य का नामसीटें

असम

04

बिहार

05

छत्तीसगढ़

07

दादर नगर हवेली और दमन एवं द्वीप

02

गोवा

02

गुजरात

25

कर्नाटक

14

मध्य प्रदेश

09

महाराष्ट्र

11

उत्तर प्रदेश

10

पश्चिम बंगाल

04

यूपी की 10 सीटों पर चुनाव

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत यूपी की 10 सीटों पर मतदान कल यानी मंगलवार को होगा। इन सीटों में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल है। कल के मतदान के साथ उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं की साख जुड़ी हुई है। यादव कुनबे के तीन सदस्य चुनावी मैदान में हैं। बदायूं से सपा की टिकट से दिग्गज नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनावी मैदान में हैं। वहीं मैनपुरी से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव प्रत्याशी हैं। साथ ही फिरोजाबाद सीट से रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा एटा से यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह की साख भी दांव पर है।

इन 10 हाई-प्रोफाइल सीटों पर सबकी नजर…

1. गांधीनगर लोकसभा सीट

गुजरात की गांधीनगर सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। इस सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने अमित शाह के खिलाफ सोनल रमणभाई पटेल को टिकट दिया है। बसपा ने इस सीट से मोहम्मद दानिश देसाई को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। तीनों पार्टियों की दांवेदारी से यहां त्रिकोणिय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

2. गुना लोकसभा सीट

एमपी की गुना सीट भी हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल है। इस सीट से बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट दिया है। बसपा से धनीराम चौधरी और कांग्रेस ने यादवेंद्र राव देशराज सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।

3. पोरबंदर लोकसभा सीट

गुजरात की पोरबंदर लोकसभा सीट भी इन्हीं हाई-प्रोफाइल सीटों की लिस्ट में शामिल है। यहां से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की साख दांव पर लगी है। वहीं कांग्रेस ने ललित वसोया और मायावती की पार्टी बसपा से एनपी राठोड को चुनावी मैदान में उतारा है।

4. बेलगाम लोकसभा सीट

कर्नाटक की बेलगाम सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार की किस्मत का फैसला कल जनता करेगी। बीजेपी ने उन्हें इस सीट से टिकट दिया है। कांग्रेस की तरफ से मृणाल आर. हेब्बालकर और बसपा की तरफ से अशोक अप्पाया अप्पुगोल चुनावी मैदान में हैं।

5. विदिशा लोकसभा सीट

एमपी की विदिशा लोकसभा सीट पर कल सबकी नजर रहने वाली है। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बीजेपी की टिकट से चुनावी मैदान में हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा और बसपा के किशन लाल चुनावी मैदान में हैं।

6. राजगढ़ लोकसभा सीट

एमपी की राजगढ़ सीट पर कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 33 साल बाद एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। दिग्विजय सिंह के सामने बीजेपी ने रोडमल नागर और बसपा ने डॉ. राजेंद्र सूर्यवंशी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

7. मैनपुरी लोकसभा सीट

यूपी की चर्चित सीटों में शामिल मैनपुरी भी इन्हीं हाई-प्रोफाइल सीटों की लिस्ट में शामिल है। मैनपुरी से दिवंगत सपा नेता मुलायम सिंह की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी ने डिंपल के खिलाफ जयवीर सिंह और बसपा ने शिवप्रसाद यादव को टिकट दिया है।

8. एटा लोकसभा सीट

यूपी की एटा सीट से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह बीजेपी की टिकट से उम्मीदवार हैं। इस सीट से सपा ने देवेंद्र शाक्य और बसपा ने मोहम्मद इरफान को चुनावी मैदान में उतारा है।

9. बदायूं लोकसभा सीट

बदायूं सीट इस बार काफी चर्चा में रही है। दरअसल, सबसे पहले सपा ने इस सीट से धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया था। फिर सपा ने धर्मेंद्र यादव का टिकट काट कर शिवपाल यादव को उम्मीदवार बनाया और अंत में शिवपाल यादव का भी टिकट काट कर सपा ने उनके बेटे आदित्य यादव को चुनावी मैदान में उतारा। बीजेपी ने इस सीट से दुर्विजय सिंह शाक्य को टिकट दिया है।

10. फिरोजाबाद लोकसभा सीट

यह सीट इस लिए महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकी इस सीट से सपा ने अक्षय यादव को टिकट दिया है। सपा उम्मीदवार अक्षय यादव सैफई परिवार से हैं। वह सपा के दिग्गज नेता रामगोपाल यादव के बेटे हैं। 2014 के चुनाव में अक्षय को इस सीट से जीत मिली थी। वहीं पिछले चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार डा. चंद्रसेन जादौन ने उन्हें पटकनी देते हुए जीत दर्ज की थी। इस बार अक्षय दोबारा चुनावी मैदान में हैं।

Aniket Gupta

Aniket Gupta

Senior Content Writer

Aniket has been associated with the journalism field for the last two years. Graduated from University of Allahabad. Currently working as Senior Content Writer in Newstrack. Aniket has also worked with Rajasthan Patrika. He Has Special interest in politics, education and local crime.

Next Story